प्रादेशिक शास्त्रीय संगीत प्रतियोगिता 2025-26

(प्रदेश के नवोदित बाल, किशोर एवं युवा कलाकारों को प्रोत्साहन)

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी द्वारा दिनांक- 01 से 03 दिसम्बर, 2025 तक प्रादेशिक संगीत प्रतियोगिता के प्रथम चरण का आयोजन संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया इसी कड़ी के अन्तर्गत प्रथम दिवस दिनांक 01 दिसम्बर, 2025 को स्वर वाद्यों में गज, तंत्र और सुषिर वाद्य के बाल वर्ग, किशोर वर्ग एवं युवा वर्ग के प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह एवं निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर एवं आमंत्रित निर्णायक गाजियाबाद के वरिष्ठ बांसुरी वादक अतुल शंकर, दिल्ली निवासी मशहूर सारंगी वादक विदुषी गौरी बनर्जी सति एवं देहरादून निवासी वरिष्ठ सितार वादक अग्नि वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर आमंत्रित निर्णायकों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया ।

तदोपरान्त अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत ने बताया कि अकादमी, शास्त्रीय एवं सुगम संगीत की संभागीय प्रतियोगिता और उसके उपरांत प्रादेशिक संगीत प्रतियोगिता का आयोजन करती है। इसके माध्यम से न केवल प्रतिभाओं को मंच मिलता हैं बल्कि बाल्यावस्था से ही नृत्य गायन और वादन के संस्कार बच्चों में रोपित होते हैं और उन्होंने यह कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं को विद्यालयों से जोड़ा जाए तो न केवल कलाकार बल्कि संगीत के गुणी श्रोता भी तैयार हो सकेंगे।

अकादमी द्वारा आयोजित प्रादेशिक प्रतियोगिता में 18 मण्डलों के विभिन्न जनपदों से लगभग 30 बच्चों ने प्रतिभाग कर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का आरम्भ बाल वर्ग में वाराणसी के शिवांश सिंह ने दुर्लभ वाद्य विचित्र वीणा पर जब राग भूपाली सुनाया तत्पश्चात प्रयागराज के अशित सांई ने मैंडोलिन पर राग अहीर भैरव एवं सहारनपुर के रुद्र मोंगा ने सरोद पर राग किरवानी और कवन प्रीत सिंह ने सितार पर मियां की मल्हार स्वरित कर प्रशंसा हासिल की।

किशोर वर्ग में ग्रेटर नोएडा के आंजनेय जोशी ने बांसुरी पर राग सरस्वती, मुरादाबाद के सृजन ने बांसुरी पर राग भूपाली, बांदा के उदय प्रकाश ने राग यमन में सितार का कुशल वादन किया।
युवा वर्ग में प्रयागराज के शाश्वत गिरधर ने सितार पर राग यमन और युवा में सहारनपुर की निकिता सिंह ने सरोद पर राग रागेश्री सुनाकर प्रभावित किया।

अकादमी द्वारा वर्ष 2024-25 में सम्भागीय शास्त्रीय प्रतियोगिता का स्वर्ण जयन्ती वर्ष था, जिसमें शास्त्रीय संगीत के साथ सुगम संगीत-गज़ल और भजन, को भी शामिल करते हुए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के 18 सम्भाग के 21 केन्द्रों पर लगभग 900 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। वर्ष 2025-26 में आयोजित सम्भागीय शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिता के 18 सम्भाग के 23 केन्द्रों में लगभग 1100 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़ कर सक्रिय भागीदारी की।

इसी कड़ी के अन्तर्गत दिनांक 02 दिसम्बर, 2025 को अवनद्ध वाद्यों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का आरम्भ अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह एवं निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर सहित आमंत्रित निर्णायक दिल्ली के प्रवीण कुमार दुबे और लखनऊ के गणेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया। प्रतियोगिता में तबला और पखावज के संभाग स्तर पर अव्वल आए 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

सर्वप्रथम तबला वादन के बाल वर्ग में वाराणसी की अवंतिका मिश्रा ने धमार और झप ताल, लखनऊ के तत्सत तिवारी ने तीन ताल में उठान, पेशकार और कायदा, मऊ के पुष्प राज सिंह ने झप और रुपक ताल, बरेली के आराध्य माधव ने रेला, परन, गाजियाबाद के ईशान मिश्रा ने झप और रुपक ताल, चित्रकूट के अद्यांश श्रीवास्तव ने कायदा, रेला, टुकड़े और चक्करदार परने, बांदा के रवि प्रकाश ने एक और तीन ताल, अतर्रा के प्रियांशु राज ने रूपक और पंचम का अंदाज पेश किया।

इसी क्रम में तबला के किशोर वर्ग में मऊ के आदर्श कुमार भारद्वाज ने रूपक और झप ताल, मुजफ्फरनगर के निलेश कुमार मिश्रा ने फर्रुखाबाद अंदाज में कायदा, रेला, टुकड़े, बहराइच की दिव्यांशी राज ने पेशकार, कायदे, परन, बांदा के अंश राज ने तीन ताल में बनारस घराने का अंदाज पेश किया वहीं आगरा के मयंक सिंह रूपक ताल में तबला वादन की प्रस्तुति दी।

तबला के युवा वर्ग में प्रयागराज के दीपांशु मिश्रा ने तबले पर बसंत ताल की निकासी, पखावज के युवा वर्ग में गाजियाबाद के आदि नारायण ने श्रीनाथ द्वारा की परंपरा की गणेश परन, पेशकार, तिस्र जाति की परन, टुकड़े, चक्करदार परन, रेला, आदि सुनाकर अपनी प्रस्तुति दी।

तबला के बाल वर्ग में वाराणसी की अवंतिका मिश्रा प्रथम, बांदा के रवि प्रकाश द्वितीय, मेरठ के औरव शिवम एवं लखनऊ के तत्सत तिवारी तृतीय, किशोर वर्ग में मेरठ के सिद्धार्थ शर्मा प्रथम, बहराइच की दिव्यांशी राज द्वितीय, प्रयागराज के ऋषिकेश संग बरेली के आरोही रावत तृतीय, युवा वर्ग में लखनऊ के पवन चौधरी प्रथम, वाराणसी के विशाल देव मिश्रा द्वितीय और बहराइच के कमल गुप्ता तृतीय रहे। पखावज के युवा वर्ग में गाजियाबाद के आदि नारायण पति द्वितीय रहे।

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की प्रादेशिक संगीत प्रतियोगिता के प्रथम चरण के अन्तर्गत तीसरे दिन दिनांक 03 दिसम्बर, 2025 को कथक की बाल, किशोर एवं युवा वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।

प्रतियोगिता का आरम्भ अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह एवं निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर सहित आमंत्रित निर्णायक, जबलपुर की मोहिनी मोघे, भोपाल की विजया शर्मा और दिल्ली की शाम्भवी शुक्ला ने संयुक्त रूप से मंगल दीपक प्रज्वलित किया। इसके साथ ही आमंत्रित निर्णायकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया। रेनू श्रीवास्तव और डॉ. पवन तिवारी के संयोजन में हो रही इस प्रतियोगिता का मंच संचालन समरीन ने कुशलता के साथ किया।

प्रतियोगिता की शुरूआत बाल वर्ग में मेरठ की काश्वी अग्रवाल ने ठुमरी “काहे रोकत डगर प्यारे” पर जहां सुंदर भावों का प्रदर्शन किया वहीं पारंपरिक कथक की तैयारी, उन्होंने पखावज परन और उड़ान के टुकड़े के माध्यम से दर्शायी। मेरठ की ही दिव्यांशी सिंह ने झप ताल के उपरांत “माता काली तू कल्याणी” पर अपनी प्रस्तुति दी। कानपुर की काएना ने लोकप्रिय ठुमरी “काहे रोकत डगर” पर सुंदर नृत्य किया। फर्रुखाबाद की नव्या गुप्ता ने “नीर भरन जमुना तट पर”, आगरा की अक्षधा चौहान ने ठुमरी “घर जाने दे छोड़ मोरी बहिया”, गाजियाबाद की शनाया श्रीवास्तव ने ठुमरी “एसो हटीलो छैल”, वाराणसी की वरण्या सिन्हा ने दादरा “आजो कान्हा करो न मोसे रार” और वाराणसी की ही जयन्तिका मिश्रा ने आड़ी लय के उपरांत “नीर भरन जमुना तट पर” प्रभावी भावों का प्रदर्शन कर तालियां अर्जित कीं।

तत्पश्चात् किशोर वर्ग में मेरठ की देवांशी यादव ने ठुमरी “कान गिरधारी मेरो मग रोकत” और यशस्वी थपलियाल ने ठुमरी “ए री सखी मोरे पिया घर आए”, लखनऊ की विधि जोशी ने दुर्गा स्तुति, तीन ताल के उपरांत बनारसी दादरा “कन्हैया जी यह कैसा जादू डाला” पर मनोहारी भावों का प्रदर्शन किया वहीं लखनऊ के ही निखिल कसौधन ने पंचम सवारी और शिव वंदना “जटा टवी” पर दक्षता के साथ नृत्य किया। प्रयागराज की गौरी मालवीय ने ठुमरी “रोको न डगर मेरो श्याम”, मुरादाबाद की वर्णिका पटेल ने “भवानी दयानी”, गाजियाबाद की अद्विका शांडिल ने ठुमरी “सांची कहो मुझसे श्याम” पर नृत्य कर इस प्रतियोगिता में प्रभावी प्रतिभाग किया वहीं वाराणसी की आदिती चटर्जी ने शिव परन के साथ ही चक्करदार परन, उठान, ठाट, आमद, लड़ी और सहारनपुर की श्वेता पाण्डेय ने गणेश वंदना, धमार आदि का प्रदर्शन किया।

युवा वर्ग में बनारस की संस्कृति शर्मा ने शिवस्तुति “नागेन्द्र हराय” से प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके उपरांत उन्होंने तोड़े, टुकड़े, परन के उपरांत दादरा पेश कर प्रशंसा हासिल की वहीं बनारस की ही अन्वेषा दत्ता ने शिव भजन “डिमिक डिमिक डमरू कर बाजे” पर मनोरम भावों का प्रदर्शन किया।