नमन 2026-27
श्री योगी आदित्यनाथ जी माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश की कला संवर्धन-संरक्षण की नीति के अनुपालन में एवं माननीय मंत्री संस्कृति एवं पर्यटन श्री जयवीर सिंह जी की प्रेरणा व मार्गदर्शन में तथा उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के माननीय अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह एवं निदेशक श्री राज कुमार जी की कुशल परिकल्पना एवं संयोजन में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) एवं कथक केन्द्र, लखनऊ द्वारा सुविख्यात कथकाचार्य पं. लच्छू महाराज जी की स्मृति में दो दिवसीय पारम्परिक कथक नृत्य कार्यक्रम के अन्तर्गत दिनांक 31 अगस्त, 2026 को “नमन” परम्परा कथक की अकादमी के संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कथक नृत्यांगना प्रो. पूर्णिमा पाण्डे, आकाशवाणी केन्द्र लखनऊ की कार्यक्रम प्रमुख सुमोना एस. पाण्डेय एवं बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्षा डॉ. मिथिलेश तिवारी का स्वागत अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह एवं निदेशक राज कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत ने नारी शक्ति को प्रणाम करते हुए बताया कि इस समारोह में भी महिला सशक्तिकरण को महत्व दिया गया है।
दो दिवसीय नमन कार्यक्रम की पहली संध्या पर कथक केन्द्र, लखनऊ के विद्यार्थियों द्वारा नायिका प्रसंग की कथक प्रस्तुति में नायिका-भेद को खूबसूरती के साथ पेश किया गया। इसमें कलाकारों ने नायिका के विभिन्न भावों जैसे प्रेम, विरह, मान, प्रतीक्षा, मिलन को परिपक्वता के साथ पेश किया।
द्वितीय प्रस्तुति मीराबाई के लोकप्रिय भजन ‘‘पायो जी मैंने राम रतन धन पायो’’ पर मनोरम नृत्य किया। जिसका श्रुति शर्मा द्वारा किया गया इस भजन में चक्कर, तिहाई और पद संचालन के साथ भाव पक्ष भी सशक्त रहा।
तीसरी प्रस्तुति में कथक केंद्र की छात्राओं ने ‘‘कृष्ण नमन’’ के माध्यम से कृष्ण स्तुति, कवित्त, टुकड़े तिहाई, परन पेश कर प्रशंसा हासिल की। इस प्रस्तुति का नृत्य निर्देशन रजनी वर्मा ने किया था।
ततपश्चात् लखनऊ की कथक नृत्यांगना देविका देवेन्द्र एस. मंगलामुखी ने पारंपरिक कथक का प्रदर्शन करते हुए कवित्त और परन पेश किए। “डमरू हर कर बाजे” का सुंदर संयोजन देखने को मिला। अंत में ठुमरी में उनका सशक्त भाव पक्ष भी निखर कर सामने आया।
तीसरी प्रस्तुति पुणे की कथक नृत्यांगना आभा औटी ने गणेश वंदना स्तुति “सिन्दूर वदना” के उपरांत गुरु परंपरा का अनुसरण करते हुए साढ़े सात मात्रा की विशेष रचना नील पेश कर वाहवाही अर्जित की। दोहे की परंपरा के तहत उन्होंने “सूर्य छिपे अदरी बदरी, अरु चन्द्र छिपे जो अमावश आए” को अत्यंत प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया। अंत में उन्होंने उत्तर प्रदेश की होली परंपरा को जीवंत करते हुए “देखो होरी के खिलैया” पेश किया।
चौथी प्रस्तुति प्रयागराज की वरिष्ठ कथक नृत्यांगना उर्मिला शर्मा ने शिव वंदना “डमरू हर केर बाजे” के उपरांत कथक का पारंपरिक स्वरूप अत्यंत सुंदरता के साथ प्रस्तुत किया। अंत में उन्होंने महाराज बिंदादीन जी द्वारा रचित लोकप्रिय ठुमरी “डगर चलत देखो श्याम कर गहियाँ” पर सुंदर भाव पक्षों का प्रदर्शन कर प्रशंसा अर्जित की।
पांचवी एवं अन्तिम प्रस्तुति अहमदाबाद के मौलिक शाह ने शिव स्तुति के उपरांत तीन ताल में पारंपरिक कथक किया। अंत में उन्होंने लोकप्रिय ठुमरी “पीत पटवारे ने मरोड़ डारी बहिया” पर सशक्त भावों का प्रदर्शन किया।
माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी की कला संवर्धन-संरक्षण की नीति के अनुपालन में एवं माननीय मंत्री संस्कृति एवं पर्यटन श्री जयवीर सिंह जी की प्रेरणा व मार्गदर्शन में तथा उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह एवं निदेशक राज कुमार जी की कुशल परिकल्पना एवं संयोजन में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) एवं कथक केन्द्र, लखनऊ द्वारा सुविख्यात कथकाचार्य पं. लच्छू महाराज की स्मृति में दो दिवसीय पारम्परिक कथक नृत्य कार्यक्रम “नमन’’ परम्परा कथक की... का आयोजन के अन्तर्गत द्वितीय दिवस दिनांक 01 सितम्बर, 2026 को गोमती नगर विपिन खंड स्थित अकादमी परिसर में स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में किया गया।
इस अवसर पर कथकाचार्य पं. लच्छू महाराज पुष्पांजलि के उपरांत मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग के राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता ने कहा कि पद्य एवं गद्य की तुलना में संगीत अधिक सूक्ष्म स्तर पर चित्त को प्रभावित करता है। निश्चित रूप से यह आयोजन पं. लच्छू महाराज के पावन उद्देश्यों को आगे बढ़ाएगा। मंच पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह एवं निदेशक राज कुमार ने किया। इस अवसर पर भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर मांडवी सिंह उपस्थित रही।
कार्यक्रम का आरम्भ कथक केन्द्र, लखनऊ की प्रस्तुति से हुआ। नीता जोशी के निर्देशन में गुरु कृपा की आकर्षक प्रस्तुति हुई। दूसरी प्रस्तुति रजनी वर्मा के निर्देशन में ‘‘झूला’’ की हुई इसमें कवित्त, तिहाई, टुकड़ा, परमेलू, परन आदि के साथ राग देस एवं रूपक ताल में पंडित बिंदादीन महाराज जी द्वारा निबद्ध लोकप्रिय रचना ‘‘झूलत राधे नवल किशोर’’ पर सुंदर भावों का प्रदर्शन किया।
इसके उपरांत लखनऊ की प्रतिष्ठित कथक गुरु एवं नृत्यांगना डॉ. रुचि खरे ने धु्रपद अंग से अपनी प्रस्तुति “शंकर अति प्रचंड, नाचत कर डमरू बाजे‘‘ से शुरुआत की। इसकी रचना विश्वविख्यात कथक कलाकार पंडित राजेंद्र गंगानी जी ने की है। यह रचना राग मालकौंस में निबद्ध थी। इसके बाद परंपरागत कथक नृत्य के अंतर्गत प्राचीन बंदिशों जैसे ठाट, आमद, परन, तिश्न जाती में ज़रब, यति, गत निकास के अंतर्गत रुखसार और दुर्गा परन आदि की मनोहारी प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। तृतीय प्रस्तुति अष्टपदी थी जिसके बोल थे “निरतत ढंग” रही इसी क्रम में डॉ. रुचि के निर्देशन में उनके शिष्यों द्वारा मत्त ताल अठारह मात्रा में पेश की गई। इसमें विलंबित एवं मध्य लय में कथक के बोल बंदिशों, लयकारी और नृत्य-सौंदर्य का मनोरम अनुभव दर्शकों ने किया। अंत में उनके द्वारा अत्यंत लोकप्रिय एवं भावपूर्ण दादरा “कोयलिया मत कर पुकार” पेश किया गया। जिसकी रचना पद्मश्री बेगम अख्तर ने की थी।
ततपश्चात् मेरठ की प्रो. (डॉ.) भावना ग्रोवर ने अपने नृत्य का प्रारंभ 15वीं शताब्दी में संत कवि श्री वल्लभाचार्य द्वारा रचित नंदकुमार अष्टक से किया, जिसमें कृष्ण की प्रतिमा को सामने रखकर बालकृष्ण की स्तुति की। तदुपरांत पारंपरिक कथक नृत्य के अंतर्गत अपनी गुरु पद्म विभूषण उमा शर्मा द्वारा प्राप्त बंदिशें को तीन ताल के अंतर्गत प्रस्तुत किया। पारंपरिक क्रम में थाट उठान, परन जुड़ी आमद, लड़ी, उड़नचारी का टुकड़ा, सादी व कमाली चक्करदार परन, गोपुचा यति की प्रस्तुति दी। कृष्ण महारास पर आधारित अति प्राचीन कवित्त को दर्शकों द्वारा अत्यंत सराहा गया। अभिनय पक्ष के अंतर्गत उन्होंने महाराज बिंदादीन द्वारा रचित ठुमरी “मेरी सुनो श्याम” को प्रस्तुत किया जिसके अंतर्गत उन्होंने श्रंगार रस, वात्सल्य रस व भक्ति रस के अंतर्गत मुग्धा और प्रागल्भ जैसी विभिन्न नायिकाओं का भी सशक्त चित्रण किया। प्रस्तुति का समापन उन्होंने तबला और पखावज के साथ जुगलबंदी से किया।
चौथी प्रस्तुति की शुरुआत डॉ. नंदकिशोर कपोते ने पंडित बिरजू महाराज की लोकप्रिय वंदना “एक अनेक रूप में देखूं गोविंद गोपाल मुरारी” से की। इसके उपरांत उन्होंने पंडित भीमसेन जोशी के लोकप्रिय भजन “बाजे रे मुरलिया बाजे” में भाव पक्ष के साथ-साथ लखनऊ कथक घराने के पारंपरिक अंदाज के तहत, तोड़े टुकडे़ तिहाई, परन, परमेलू भी खूबसूरती के साथ पिरोया। अंत में उन्होंने तबला-घुंघरू जुगलबंदी पेश कर “हार-जीत” की अनोखी कला को पेश कर दर्शकों की तालियां अर्जित कीं।
पांचवी प्रस्तुति इंदौर की डॉ. सुमित्रा हरमलकर ने सर्वप्रथम देव गणेश की स्तुति की। तत्पश्चात ताल त्रिताल में ताल नर्तन प्रस्तुत किया जिसमें रायगढ़ घराने की विशिष्ट बंदिशों का समावेश किया गया था। अभिनय के अंतर्गत कृष्ण भक्त कवि सूरदास के पद से प्रस्तुति का समापन किया।
अन्तिम प्रस्तुति श्रुति शर्मा के निर्देशन में ‘‘कथक के रंग कृष्ण के संग’’ की प्रस्तुति हुई जिसमें कलाकारों द्वारा ‘‘फुलवा बिनत डार-डार’’ बंदिश से हुई। इसमें सखियों द्वारा डाल-डाल से फूल चुनने के सुंदर ‘‘गत-भाव’’ को दर्शाया गया। इसके साथ ही ‘श्याम पिया मोरे रंग दे चुनरिया’ के माध्यम से आत्मा का परमात्मा के रंग में रंग जाने के भाव को कथक के खूबसूरत चक्करों के साथ प्रस्तुत किया गया। इस क्रम में ’रंग रंगीली छैल छबीली रसीलो रसीलो नंदलाल’ प्रस्तुति के जरिए गोपियों के नटखट अंदाज को कथक के साथ मंच पर उतारा गया।
कार्यक्रम के अन्त में अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह एवं निदेशक राज कुमार द्वारा सभी कलाकारों को सम्मानति किया और तथा निदेशक महोदय द्वारा सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद किया।