कार्यशालाएं 2025-26

श्री योगी आदित्यनाथ जी माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश की कला संवर्धन-संरक्षण की नीति के अनुपालन में एवं माननीय मंत्री संस्कृति एवं पर्यटन श्री जयवीर सिंह जी की प्रेरणा व मार्गदर्शन में तथा उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के माननीय अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत एवं माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह की कुशल परिकल्पना एवं संयोजन में दिनांक 18 मई से 22 जून तक संचालित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रस्तुतिपरक कार्यशालों यथा- शास्त्रीय गायन में ख्याल तराना, उप शास्त्रीय गायन में ठुमरी, दादरा व टप्पा, तबला वादन, कथक नृत्य, अवधी लोकगीत और भजन-गजल के साथ-साथ नाटक, उद्घोषक एवं फोटोग्राफी की कार्यशालाओं का भी संचालन किया गया। जिसकी प्रस्तुतियों का आयोजन दिनांक 22 जून, 2026 को संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में किया गया।

सर्वप्रथम दीप प्रज्जवलन के उपरान्त अकादमी के माननीय अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत ने अपने सम्बोधन में कहा कि ‘कला ही जीवन है और जीवन ही कला है’ अकादमी द्वारा आयोजित कार्यशाला के तीन केन्द्रीय उद्देश्य थे कि अपनी उन्नत कला परंपरा से नई पीढ़ी को परिचित करवाया जाए वहीं प्रतिभाओं को मंच देकर उन्हें प्रोत्साहित ही नहीं बल्कि इन कार्यशालाओं के माध्यम से नवाचार को भी प्रमुखता दी जाए। उन्होंने बताया कि कला केवल मंच पर दिखाने की वस्तु नहीं, यह जीवन जीने की पद्धति है। रियाज़ में अनुशासन, प्रदर्शन में समर्पण जीवन में संवेदनशीलता यही एक सच्चे कलाकार की पहचान है।

अकादमी की उपाध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। अकादमी की ग्रीष्मकालीन कला प्रशिक्षण कार्यशालाओं के प्रतिभागियों ने न केवल तकनीकी दक्षता अर्जित की, बल्कि भारतीय कला एवं संस्कृति के मूल भाव को भी आत्मसात किया। ऐसी कार्यशालाएँ न केवल कलाकारों का निर्माण करती हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का भी विकास करती हैं। वर्तमान में जब विश्व तेजी से बदल रहा है, तब अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम की शुरूआत सर्वप्रथम केवल कुमार द्वारा प्रशिक्षित भजन और गजल गायन के सभी प्रतिभागियों ने सबसे पहले भजन “राम को प्रणाम करिए” एवं गजल “कागज पे कलम तेरा” के बाद कव्वाली “अब भी न तकलीफ” सुनाया।

द्वितीय प्रस्तुति रीना टंडन द्वारा अवधी लोक गीत का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों ने सरिया गीत “इमली के चिकने पतौवा”, शगुन गीत “देखो सखी बोले भिनुसखा रे कागा बोलिया सुहावन”, विवाह गीत “बाजी बाजी रे बारात जनक नगरी”, झंडा गीत “धनि धनि देसवा के धनि मोर झंडा”, देवी गीत “मैया झूल्यो जाय डारि कै हिंडोलना”, सोहर “चंपाकली दइया मांगे ननदिया”, बन्ना “बन्ना जल्दी से हो जा तैयार”, नकटा गीत “दिल काहे उदास नन्दोई जी” सुनाया।

तीसरी प्रस्तुति में राहुल अवस्थी द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शास्त्रीय गायन के प्रतिभागियों ने राग भीमपलासी में बंदिश “पिया पास ले जा रे”, तराना के बाद भजन “प्रभु मोरे अवगुण चित न धरो” की अत्यंत सुरीली प्रस्तुति दे कर तालियां हासिल की।

तदोपरान्त डॉ.अंजनी कुमार मिश्र द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले उपशास्त्रीय प्रतिभागियों ने राग पीलू में दादरा “साँवरिया प्यारा रे मोरी गुइय्यां”, राग खमाज में ठुमरी “व्याकुल भई बृजभान बंसुरिया”, दादरा “नाजुक बहियाँ मरोरी” और टप्पा “मैनू जो बन” सुनाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया।

डॉ. मंजू मलकानी से कथक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कथक प्रतिभागियों ने कृष्ण भजन “राधे रानी दे डारो बंसी मोरी”, ठुमरी “सजना बरसे हैं क्यों अंखियां” और शिव भजन “भाल चन्द्र जटा गंग” पर बेहतरीन प्रस्तुति दी। इसमें कथक का पारंपरिक अंदाज भी ताने-बाने की भांति कुशलतापूर्वक पिरोया गया था।

कथक नृत्य की दूसरी प्रस्तुति श्रुति शर्मा द्वारा प्रशिक्षण हासिल करने वाले कथक प्रतिभागियों ने “गुरुर्ब्रह्मा” गुरु वंदना के उपरांत “छाप तिलक” की प्रभावी प्रस्तुति दी। अंत में उन्होंने “आयो सावन मेघ मल्हारी” पर अत्यंत मनोहारी संयोजन पेश किये।

नीता जोशी द्वारा प्रशिक्षण हासिल करने वाले कथक प्रतिभागियों ने श्रीराम स्तुति “श्री रामचन्द्र कृपालु भजुमन” के क्रम में ठुमरी “ए री सखी” और “मेरा मुर्शिद खेले होली” की सुन्दर प्रस्तुतियां दी।

कार्यक्रम की अन्तिम प्रस्तुति तबला वादक अनंत कुमार प्रजापति द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले तबला वादन कार्यशाला के सभी प्रतिभागियों ने गणेश स्तुति, उठान, टुकड़ा के बाद, कायदा पेश किया जिसमें दिल्ली घराने के अंदाज की प्रस्तुति दी और अंत में उन्होंने “जय गणेश देवा” पर दादरा और “वैष्णव जन” पर कहरवा ताल का प्रदर्शन किया।

श्री योगी आदित्यनाथ जी माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश की कला संवर्धन-संरक्षण की नीति के अनुपालन में एवं माननीय मंत्री संस्कृति एवं पर्यटन श्री जयवीर सिंह जी की प्रेरणा व मार्गदर्शन में तथा उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के माननीय अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत एवं माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह की कुशल परिकल्पना एवं संयोजन में दिनांक 23 जून, 2026 को संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में अकादमी द्वारा संचालित ग्रीष्मकालीन नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला की प्रभावी प्रस्तुति हुईं। जिसमें शैलेश श्रीवास्तव के निर्देशन में नाटक “बूंद पानी की” का मंचन किया गया। इसके साथ ही राकेश सिन्हा के निर्देशन में संचालित फोटोग्राफी कार्यशाला में प्रशिक्षणार्थियों द्वारा खींची गई तस्वीरों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसमें शास्त्रीय नृत्यांगना, वास्तुकला, घुड़सवार, उगता सूरज ही नहीं और अकादमी परिसर के भी दृश्यों को प्रभावी रूप से दर्शाया गया था।

दीप प्रज्जवलन के उपरान्त मुख्य अतिथि, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि लम्बे अंतराल के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक संगीत समारोह है जिसमें वह सहभागिता कर पा रही हैं, उन्होंने कहा कि विभिन्न रिसर्च के आधार पर यह कहा जा सकता है कि जो किशोर, संगीत और नाटक आदि कलाओं से जुड़ा रहता है उसका मस्तिष्क अस्सी प्रतिशत अधिक विकसित होता है। उनमें मानवीय प्रकृति ज्यादा होती है। यह बात उन्होंने स्वयं महसूस भी की है क्यों कि उन्होंने संगीत का विधिवत ज्ञानार्जन किया है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में जो विकृतियां बढ़ रही हैं उनका एक कारण यह भी है कि किशोर कलाओं से दूर हो रहे हैं।

अकादमी की उपाध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि कला हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। इसे केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं करना चाहिए। इसी उद्देश्य से अकादमी ने ग्रीष्मकालीन कला प्रशिक्षण कार्यशालाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ भारतीय उन्नत कला एवं संस्कृति से भी जोड़ने का महती कार्य किया है। इन कार्यशालाओं के माध्यम से न केवल कलाकार बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक भी तैयार होंगे क्योंकि वे अनुशासन का पाठ भी इन कला कार्यशालाओं में सीखते हैं।

तत्पश्चात् उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी और मंजुश्री लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में वीर वीरांगना ऊदा देवी पर आधारित नाटक ‘बूँद पानी की’ का मंचन शैलेश श्रीवास्तव की परिकल्पना एवं निर्देशन में किया गया। निर्देशक शैलेश कुमार ने का कि यह नाटक सच्ची घटना पर आधारित है। कथानक के अनुसार 1857 के स्वतंत्रता संग्राम क दौर में 16 नवम्बर की शाम को जब अंग्रेज, रेजिडेन्सी की ओर लौट रहे थे तभी फिरंगी फौज पर सिकंदरबाग के नजदीक उन पर जोरदार हमला हो गया। उस हमले में उनके 32 सिपाहियों और अफसरों को गोलियों का शिकार होना पड़ा था। इस संघर्ष में जब आक्रमणकारी क्रान्तिकारी के शव की शिनाख्त करवाई तो सभी स्तब्ध रह गए। वो महान शहीद एक महिला थी, जिनका नाम जगरानी उर्फ ऊदा देवी पासी था। ऊदा देवी पासी की बहादुरी से प्रभावित होकर, फिरंगियों की टोली ने उन्हें, सैल्यूट कर, सम्मान दिया, जो इतिहास में संभवतः पहली बार हुआ।

नाटक का आरंभ “धरती बोले, गगन पुकारे, जागो देश के वीर” नाट्य गीत से हुआ। इस क्रम में ढोल बजाओ, रण सजाओ, आज कहानी गाएंगे, ऊदा देवी की वीर गाथा, जन जन तक पहुंचाएंगे के माध्यम से नाटक में वीरांगना ऊदा देवी की वीरगाथा आरंभ की गई। इसके उपरांत नाटक का मुख्य कथ्य सामने आया जिसमें गांव में कुएं के पानी के लिए समाज के सम्पन्न और उपेक्षित वर्ग के बीच संघर्ष को पेश किया गया। इसमें कहा गया कि “रोटी कम, ताने ज्यादा मिले, कैसा ये सम्मान, प्यास लगी तो कुंए छीने, छिन गया हर अधिकार।” इसके उपरांत इस कुप्रथा के विरोध में आवाह्न गीत गाया गया जिसके बोल थे “दलित बेटी अब न रोएगी, अब न सिर झुकाएगी, रण में कूदेगी, बिजली बनकर, इतिहास नया बनाएगी”। इसमें “चूड़ी नहीं तलवार उठाओ” के जय घोष पर प्रेक्षागृह तालियों से गूंज उठा।

मंच पर प्रियंका चतुर्वेदी ने सूत्रधार 1, अस्मिता चतुर्वेदी ने सूत्रधार 2, रुचिता जायसवाल ने बेगम हजरत महल, विवेक शुक्ला ने कैप्टन कैम्पबेल, डॉ. प्रमोद अग्निहोत्री ने कैप्टन विलियम्स, भानु शाही ने हेनरी, अजय मिश्रा ष्अजयश्रीष् ने अंग्रेज 4, संजय श्रीवास्तव ने अंग्रेज 5, शिप्रा बागची ने वृद्ध महिला, कीर्तिका श्रीवास्तव ने ऊदा की माँ, वैभवी शुक्ला ने ऊदा, सोनी पाल ने सोनी पाल, वीणा शाही ने चन्दा, सृष्टि श्रीवास्तव ने गंगा, शिखा श्रीवास्तव ने शिखा, सुनीता जायसवाल महिला 1, तारावती ने महिला 2, अंशुल गौरव ने मुखिया, देवांश गुप्ता ने ग्रामीण 1, मो. तालिब ने ग्रामीण 2, सोमीर कुमार बागची ने वृद्ध ग्रामीण, सम्पूर्ण शुक्ला ने दूत बेगम हजरत महल के दूत, युवक 1, 2, 3 का आदित्य राज श्रीवास्तव, प्रज्जबल सिंह, चौतन्य शर्मा, शान्विका बागची ने नन्ही बच्ची का प्रभावी अभिनय किया।
नाट्य प्रस्तुति में कीर्ति चौरसिया, आंशिक सिंह, शुभ्रेश शर्मा, अभिषेक गुर्जर, अशोक कुमार के पार्श्व गीत स्वरों ने नाट्य रसता को बढ़ाया वहीं सोनी पाल, सृष्टि श्रीवास्तव, कीर्तिका श्रीवास्तव की वेशभूषा परिकल्पना, नाट्याऩुरूप रही। नितेश पाण्डेय और राजेन्द्र प्रसाद विश्वकर्मा के प्रकाश प्रभाव और शुभ्रेश शर्मा और गौरव श्रीवास्तव के ध्वनि प्रभाव ने नाट्यकीय आकर्षण को बढ़ाया। नृत्य प्रसंगों का निर्देशन अस्मिता चतुर्वेदी और रुचिता जायसवाल ने किया। प्रमुख प्रस्तुति सहायक विवेक शुक्ला, डॉ. प्रमोद अग्निहोत्री और अजय मिश्रा रहे। प्रज्जवल सिंह और अंशुल गौरव ने मंच प्रभाव का दायित्व सफलतापूर्वक निभाया।