अकादमी सम्मान 2009-2019

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अकादमी सम्मान को प्रतिष्ठापरक माना जाता है। संगीत, नृत्य एवं नाटक के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान हेतु अकादमी द्वारा विद्वान एवं समर्पित कलाकारों को यह सम्मान दिया जाता है। अकादमी द्वारा वर्ष 1970-71 से सम्मान की यह योजना प्रारम्भ की गई। अकादमी सम्मान के साथ ही विशिष्ट कलाकारों को अकादमी सम्मान रत्न सदस्यता से अलंकृत किया जाता है। इनके अतिरिक्त रंगमंच के क्षेत्र में विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने हेतु बी.एम.शाह. पुरस्कार (1998 से) एवं सफदर हाशमी पुरस्कार (1999 से) प्रदान किए जाते हैं। अकादमी सम्मान की पात्रता में उत्तर प्रदेश से जुड़ाव को खास तौर पर महत्व दिया जाता है और ऐसे ही योग्य व्यक्तियों का चयन होता है जिनका जन्म या तो प्रदेश में हुआ हो या फिर उनका कार्यक्षेत्र पिछले दस वर्षों से उत्तर प्रदेश हो।

अकादमी ने वर्ष 2009 से स्थगित सम्मान को नियमित करते हुए वर्ष 2009 से 2019 तक के 11 वर्षों के सम्मान का वितरण कर इसे अद्यतन कर दिया है। 11 वर्षों के सम्मान का वितरण 13 फरवरी, 2020 को संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में मुख्य अतिथि प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल के करकमलो द्वारा कराया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी, तत्कालीन अकादमी अध्यक्ष डा0 पूर्णिमा पाण्डे एवं तत्कालीन उपाध्यक्ष डाॅ धन्नू लाल गौतम के संग तत्कालीन प्रमुख सचिव संस्कृति श्री जितेन्द्र कुमार, विभागीय अधिकारी एवं अकादमी के सचिव श्री तरुण राज, अकादमी सामान्य सभा के कई सदस्य भी कलाकारों के बीच उपस्थित रहे।

रत्न सदस्यताः- समारोह में वर्ष 2009 का अकादमी रत्न सदस्य सम्मान श्री वि.वि. श्रीखण्डे, वर्ष 2010 की रत्न सदस्यता श्री सत्यभान शर्मा को, वर्ष 2011 की रत्न सदस्यता श्री चित्तरंजन ज्योतिषी को, वर्ष 2012 की रत्न सदस्यता पद्मश्री पं0 राजेश्वर आचार्य को व वर्ष 2013 की रत्न सदस्यता पद्मश्री मालिनी अवस्थी को प्रदान की गई।

बी.एम.शाह पुरस्कार:- वर्ष 2017 का बी.एम.शाह पुरस्कार श्री देवेन्द्र राज अंकुर को रंगमंच निर्देशन में , वर्ष 2018 का बी.एम.शाह पुरस्कार पद्मश्री निरंजन गोस्वामी को, वर्ष 2019 का बी.एम.शाह पुरस्कार श्री रंजीत कपूर को रंगमंच निर्देशन में प्रदान किया गया।

सफदर हाशमी पुरस्कार:- वर्ष 2017 का सफदर हाशमी पुरस्कार सुश्री पूर्वा नरेश को रंगमंच निर्देशन में, वर्ष 2018 का सफदर हाशमी पुरस्कार श्री भूपेश जोशी को रंगमंच
निर्देशन में तथा वर्ष 2019 का सफदर हाशमी पुरस्कार श्री टीकम जोशी को रंगमंच अभिनय में प्रदान किया गया।